
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के पहले चरण का मतदान रविवार सुबह आठ से शुरू हुआ और शाम 4 बजे तक जारी रहा। हालांकि इसके बाद भी कुछ स्थानों पर मतदान जारी रहा। एक घंटे तक कोरोना संक्रमित और होम क्वारंटीन मतदाताओं ने वोट डाले। प्रथम चरण के चुनाव में कुल 74.20 फीसदी मतदान हुआ है। सुबह 10 बजे तक 15.90 फीसदी मतदान हुआ। दोपहर 12 बजे तक 35.30 फीसदी और 2 बजे तक प्रदेश में 58.40 फीसदी मतदान दर्ज हुआ। पंचायत चुनाव में मतदान को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया। लोग विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुबह.सुबह वोट डालने पहुंचे। कोरोना को देखते हुए मतदान केंद्रों पर निर्धारित मानक संचालन पक्रिया एसओपी का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया गया। सुरक्षित शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए कई मतदान केंद्रों के बाहर निर्धारित दूरी पर गोले लगाए गए थे।
मतदान केंद्रों में मतदाताओं को थर्मल स्केनिंग के बाद ही वोट डालने की अनुमति दी गई। पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में मतदान को लेकर युवाओं से लेकर बुजुर्गों में जोश देखा गया। वहीं, देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला कल्पा में मतदान किया। प्रशासन की ओर से नेगी के स्वागत के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। पहले चरण में कुल 1227 पंचायतों के लिए मतदान हुआ। वोटों की गिनती के बाद आज देर शाम नतीजे घोषित होंगे, जबकि बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों का परिणाम तीसरे चरण के चुनाव के बाद 22 जनवरी को घोषित होगा।
जिला मतदान(10 बजे ) मतदान(12 बजे) मतदान(2 बजे) मतदान(4 बजे तक)
बिलासपुर 15.70 33.50 56.70 72.90
चंबा 15.20 33.50 57.20 73.60
हमीरपुर 14.40 32.90 55.50 71.10
कांगड़ा 14.90 32.80 55.10 71.00
किन्नौर 14.30 30.00 49.20 62.10
कुल्लू 17.60 37.50 62.20 81.80
लाहौल-स्पीति 16.40 42.10 58.60 62.00
मंडी 15.80 34.80 59.20 74.60
शिमला 15.80 36.70 59.50 74.80
सिरमौर 18.40 39.20 63.30 77.10
सोलन 18.90 41.10 64 .20 79.80
ऊना 15.90 35.88 59.70 75.30
दूसरी ओर, प्रदेश की 1208 पंचायतों में दूसरे चरण के चुनाव के लिए शनिवार शाम 4 बजे से प्रचार थम गया । इसके साथ ही इन पंचायत क्षेत्रों में प्रत्याशी अब घर-घर जाकर वोटरों से संपर्क साध सकेंगे। इन पंचायतों में मतदान 19 जनवरी को होगा। पहले चरण से मतदान के लिए 7593 पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों में तैनात की गई हैं। राज्य में 972 अतिसंवेदनशील, 2830 संवेदनशील और साधारण 7744 मतदान केंद्र बने हैं। प्रदेश भर की कुल 3583 पंचायतों में तीन चरणों में चुनाव होना है। राज्य के कुल 51.44 लाख वोटर पंचायतों, पंचायत समिति और जिला परिषद के कुल 81,675 प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। प्रदेश में तीसरे चरण के लिए कुल 337 पंचायतों में चुनाव 21 जनवरी को होगा। इन पंचायत क्षेत्रों में रविवार को प्रचार थमेगा।
कृपया अपनी खबरें, सूचनाएं या फिर शिकायतें सीधे news4himachal@gmail.com पर भेजें। इस वेबसाइट पर प्रकाशित लेख लेखकों, ब्लॉगरों और संवाद सूत्रों के निजी विचार हैं। मीडिया के हर पहलू को जनता के दरबार में ला खड़ा करने के लिए यह एक सार्वजनिक मंच है।